वनटांगिया ग्रामों के निवासियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मंगलवार को जिलाधिकारी महाराजगंज एवं प्रभागीय वन अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा
महाराजगंज, 30 जून। वनटांगिया ग्रामों के निवासियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मंगलवार को जिलाधिकारी महाराजगंज एवं प्रभागीय वन अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विधायक ने वनटांगिया क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित विकास एवं राजस्व संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। विधायक ने अपने पत्र में वनटांगिया क्षेत्र के उसरहवा बीट, हथियाहवा, बलुआहिया एवं चेतरा गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया प्रारंभ कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि चकबंदी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भूमि संबंधी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि चकबंदी का कार्य कराया जाता है तो किसानों एवं ग्रामीणों को अपनी भूमि का स्पष्ट निर्धारण होगा तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सुविधा मिलेगी। प्रभागीय वन अधिकारी से फुरसतपुर बाजार में सीसी रोड निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। विधायक ने कहा कि बाजार क्षेत्र की सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, जिससे स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। उन्होंने जनहित को देखते हुए शीघ्र सीसी रोड का निर्माण कराए जाने की आवश्यकता बताई।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि वनटांगिया क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है और इन गांवों के लोगों को भी मूलभूत सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। बारिश के दिनों में में वनटांगिया के लोगों अलग थलग पड़ जाते है। अचानक कोई बीमार हो जाय तो दवा भी नहीं क्या सकते है । ऐसे में वांटांगिया के लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिए मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
जिलाधिकारी एवं प्रभागीय वन अधिकारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उल्लिखित मांगों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने विश्वास जताया कि प्रशासन जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए वनटांगिया क्षेत्र के लोगों को शीघ्र राहत प्रदान करेगा।