
सहकार सप्ताह के तहत जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित*

पाली, 03 जुलाई। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार सहकार सप्ताह (29 जून से 6 जुलाई 2026) के अंतर्गत आयोजित सहकार संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिला सहकारी विकास समिति (डीसीडीसी) की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
अति. जिला कलक्टर सीलिंग ओम प्रभा ने जिले में संचालित सहकारिता गतिविधियों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सहकारिता मंत्रालय के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करने के उद्देश्य से सहकार सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रमों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पैक्स, डेयरी एवं अन्य सहकारी समितियों के गठन, पंजीयन एवं सुदृढ़ीकरण, पैक्स कम्प्यूटरीकरण, सहकारी गोदाम निर्माण, कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में पैक्स का संचालन, पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी खुदरा विक्रय केंद्रों के चयन, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालन तथा किसान समृद्धि केंद्र के रूप में पैक्स की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
बैठक में एनसीईएल, एनसीओएल एवं बीबीएसएसएल की सदस्यता, राष्ट्रीय डाटा बेस पोर्टल पर समितियों के डाटा अद्यतन, सहकारी बैंकों में समितियों एवं सदस्यों के खाते खोलने की प्रगति, प्राथमिक डेयरी एवं अन्य सहकारी समितियों में माइक्रो एटीएम वितरण तथा किसानों को रूपे केसीसी कार्ड उपलब्ध कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पाली सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक प्रशान्त कल्ला, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रमेश चन्द आमेटा, सहकारी समिति उप रजिस्ट्रार जितेन्द्र कुमार, रसद विभाग के कमल कुमार पंवार, सहित संबंधित विभागो के अधिकारी मौजुद रहें।










