राष्ट्रीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का कलेक्टर ने पहली चाल चलकर किया शुभारंभ


नीमच, 05 जुलाई 2026। जिला शतरंज संघ, नीमच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को टाउन हॉल, नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में नीमच सहित मध्यप्रदेश एवं देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों द्वारा सहभागिता की जा रही है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता की सबसे कम आयु की प्रतिभागी 4 वर्षीय सानवी गर्ग (नीमच) एवं सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 85 वर्षीय श्री आर.के. गुप्ता (झांसी) ने भी कलेक्टर श्री चंद्रा के साथ प्रतीकात्मक चाल चलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन, तार्किक सोच एवं निर्णय क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिले में शतरंज के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए आगामी माहों में राष्ट्रीय स्तर की और शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही जिले के खिलाड़ियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शतरंज प्रशिक्षकों की व्यवस्था करने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता सीखने, स्वयं को परखने और आगे बढ़ने का अवसर होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूर्ण आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प ही खिलाड़ी को उत्कृष्टता के शिखर तक पहुंचाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शतरंज जैसे बौद्धिक खेल को प्रोत्साहित करना, जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं आत्मविश्वास का विकास करना है। इस आयोजन से जिले की उभरती शतरंज प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम में जिला शतरंज संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




