
विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने ली नशा नहीं करने की शपथ
पाली 7 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के तत्वावधान में स्थानीय माँ आशापुरा उच्च माध्यमिक विद्यालय, जगदम्बा नगर में मंगलवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तम्बाकू, ड्रग्स, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सुश्री पूजा बाना, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, पाली ने विद्यार्थियों से जीवन में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।
विद्यालय की संचालिका श्रीमती भावना शेखावत ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहेगी तो समाज और राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों ने नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर कमलसिंह, सुभाष प्रजापत, दिनेश कुमार, भीखाराम चैधरी, किर्तिकुमार, सुश्री पूजा प्रजापत, भुवनेश जयपाल, संजयपाल सिंह,जीताराम एवं सूरजपाल सिंह उदावत (आशुलिपिक) सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।













