
मड़ावरा (ललितपुर), संवाददाता। पुलिस अधीक्षक मो. मुस्ताक के निर्देशन में वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मड़ावरा थाना पुलिस ने मंगलवार को सात वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में कस्बा मड़ावरा निवासी विनोद कुमार पुत्र धासीराम साहू, ग्राम लिधौरा निवासी गोता पुत्र खुबुआ, कीरत पुत्र कल्लू अहीरवार, रामचरन पुत्र बुधा, छुटवा पुत्र नब्बू अहीरवार, तथा हंसरा/हंसरी निवासी पिरवा पुत्र हल्का एवं धूमन पुत्र हम्मीर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विनोद कुमार के विरुद्ध अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महरौनी के न्यायालय से भारतीय दंड संहिता की धारा 387, 504 एवं 506 के तहत गिरफ्तारी वारंट लंबित था। वहीं अन्य छह अभियुक्तों के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ललितपुर के न्यायालय से धारा 34, 434 भादवि तथा वन अधिनियम से संबंधित प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
पुलिस ने सभी वारंटी अभियुक्तों को नियमानुसार गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस का कहना है कि वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
— रामजी तिवारी
संवाददाता, ललितपुर














