77वा वन महोत्सव 2026के अवसर पर गांधी मैदान मंडप पार्क गया में भव्य कार्यक्रम का आयोजन l

प्रेस विज्ञप्ति
77वां वन महोत्सव 2026 के अवसर पर गांधी मैदान मंडप पार्क,गया में भव्य कार्यक्रम का आयोजन
गया, 14 जुलाई 2026: 77वां वन महोत्सव 2026 के अवसर पर गया वन प्रमंडल द्वारा गांधी मैदान मंडप पार्क, गया में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार थे, जबकि अध्यक्षता गया वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) श्री शशिकांत कुमार ने की। इस अवसर पर जिले के अनेक गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, स्थानीय जैव विविधता समिति के सदस्यों तथा पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पौधा भेंट कर सम्मान के साथ किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर डीएफओ श्री शशिकांत कुमार ने 77वें वन महोत्सव के अवसर पर बताया कि वर्ष 2026-27 में गया वन प्रमंडल के अंतर्गत लगभग 25 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्थानीय जैव विविधता समिति के सदस्यों एवं युवाओं से इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की, ताकि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य की प्राप्ति संभव नहीं है।
माननीय मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में 77वें वन महोत्सव के अवसर पर सभी उपस्थित जनों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। पर्यावरण केवल हमारे चारों ओर का वातावरण नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन, स्वास्थ्य और भविष्य का आधार है। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, हरित वन, उपजाऊ भूमि और जैव विविधता मानव जीवन की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संरक्षण के बिना सतत विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट तथा जैव विविधता के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। अनियमित वर्षा, अत्यधिक गर्मी, सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएं इस बात का संकेत हैं कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने भारत की सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति सदैव प्रकृति के सम्मान और संरक्षण पर आधारित रही है। ऋषि-मुनियों द्वारा वृक्षों, नदियों, पर्वतों और जीव-जंतुओं को पूजनीय माना गया है। “वसुधैव कुटुम्बकम्” का भाव संपूर्ण सृष्टि को परिवार मानने की प्रेरणा देता है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी इस सांस्कृतिक विरासत को पुनः आत्मसात करें और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
मुख्य अतिथि ने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएं। प्रत्येक नागरिक को वर्ष में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा ऊर्जा संरक्षण को दैनिक आदत में शामिल करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल संचयन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव है।
अंत में उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयासरत रहें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित धरती प्रदान की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जैव विविधता के संवर्धन पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा गांधी मैदान मंडप पार्क परिसर में पीपल के वृक्ष का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को फलदार पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, गया सदर , श्री अजय कुशवाहा, श्री पप्पू चंद्रवंशी, श्री विकास कुमार,श्री धनंजय शर्मा, श्री अरविंद वर्मा, श्री धनंजय कुमार धीरू, श्री जेड. खान, श्री देवानंद पासवान,श्रीमती इंदु सहाय,श्री केदार पासवान,श्री प्रमोद भदानी,श्री सिकंदर जी,श्री रामलगन प्रसाद,श्री अमरजीत गिरी,श्री दयानंद विश्वकर्मा,श्री सिंधुभूषण ओझा,श्री शंकर चौधरी,श्री मुनि लाल,श्री राजननंदन प्रसाद गांधी, श्री सिगाबुतुल्लाह खान सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों, स्थानीय जैव विविधता समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर श्री ओमकार पाठक ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




