सम्मान और संवेदनाओं के बीच विदा हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी दुर्गा प्रसाद सिंह, शिक्षकों ने कहा— “ऐसे अधिकारी विरले होते हैं”

बैरिया (बलिया)। किसी अधिकारी की सबसे बड़ी उपलब्धि उसके पद की ऊँचाई नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में बनाई गई जगह होती है। शिक्षा क्षेत्र बैरिया पूर्व के खण्ड शिक्षा अधिकारी दुर्गा प्रसाद सिंह की प्रोन्नति के उपरांत हुए स्थानांतरण पर मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय बैरिया के प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह इसी आत्मीयता और सम्मान का साक्षी बना। समारोह में क्षेत्र के प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं शिक्षकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक भरत प्रसाद गुप्त ने की, जबकि संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ बैरिया के अध्यक्ष सुनील सिंह ने किया। समारोह के दौरान शिक्षकों ने श्री सिंह को फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। अनुदेशक संघ की ओर से संजीव तिवारी एवं जीवन ज्योति वर्मा ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
अध्यक्षीय संबोधन में भरत प्रसाद गुप्त ने कहा कि दुर्गा प्रसाद सिंह ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विद्यालयों में अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षकों के साथ सदैव समन्वय और संवाद बनाए रखा। उनका कार्यकाल बैरिया शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संचालक सुनील सिंह ने कहा, “दुर्गा प्रसाद सिंह ने शिक्षा क्षेत्र बैरिया में एक सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित की। उन्होंने हर शिक्षक की बात गंभीरता से सुनी और नियमों के दायरे में रहकर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया। उनका व्यवहार जितना सरल था, प्रशासनिक निर्णय उतने ही निष्पक्ष और प्रभावी रहे। उनकी प्रोन्नति उनकी कार्यनिष्ठा का सम्मान है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे अपने नए दायित्व पर भी उत्कृष्ट कार्य करेंगे और विभाग का गौरव बढ़ाएंगे।”
अपने सम्मान से भावुक दुर्गा प्रसाद सिंह ने कहा कि बैरिया शिक्षा परिवार से मिला प्रेम, सहयोग और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की सफलता उसके सहयोगियों के विश्वास और टीम भावना पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, नैतिक मूल्यों का विकास करने और शिक्षा को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
अपने सम्बोधन में शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि श्री सिंह ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया। यही कारण है कि उनके स्थानांतरण की खबर से शिक्षा परिवार भावुक है, वहीं उनकी प्रोन्नति पर सभी गर्व भी महसूस कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने उनके स्वस्थ, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भावभीनी विदाई दी। पूरे समारोह में सम्मान, अपनापन और भावनाओं का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने इसे बैरिया शिक्षा परिवार के लिए एक यादगार पल बना दिया।
इस अवसर पर शिक्षक पंकज सिंह, अनिल सिंह, प्रवीण ओझा, प्रदीप यादव, रामेश्वर उपाध्याय, अवनीश पाण्डेय, अमरजीत सिंह, जीवन ज्योति ,संजीव तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




