A2Z सभी खबर सभी जिले की

हरेला पर्व पर हरिद्वार पुलिस का पर्यावरण संकल्प, श्रावण मास में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य।

फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,16/07/2026। हरेला पर्व के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन रोशनाबाद, पुलिस कार्यालय सहित विभिन्न थानों एवं शाखाओं में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया।

पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट कांस्टेबलों ने करीब 500 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इनमें जामुन, आम, अमरूद, आंवला, लीची तथा शीशम सहित कई प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने हरेला पर्व के सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी पुलिसकर्मियों को पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया। साथ ही पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया और उनके बेहतर विकास पर संतोष व्यक्त किया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति आभार और संरक्षण का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

हरिद्वार पुलिस का यह वृक्षारोपण अभियान पूरे श्रावण मास तक जारी रहेगा। इस दौरान जनपद में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि हरिद्वार को अधिक हराभरा और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाया जा सके।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!