A2Z सभी खबर सभी जिले की

नशे के खिलाफ मैदान में उतरी नीमच पुलिस, 1000 छात्रों सहित हजारों लोगों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0’ के तहत स्कूलों, फैक्ट्री और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया गया जागरूकता अभियान

नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘‘नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0’’ के तहत नीमच जिले में भी नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुरुवार को स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, फैक्ट्रियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने कार्मल कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल नीमच में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शारीरिक नुकसान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में लगभग 1000 छात्र-छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ ने नशामुक्ति की शपथ ली।

एएसपी हेमलता अग्रवाल ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और इस अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

इसी क्रम में थाना नीमच सिटी क्षेत्र के क्रिएटिव माइंड स्कूल, थाना जावद क्षेत्र के सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अठाना, थाना रतनगढ़ क्षेत्र की सुप्रीम एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल तथा थाना कुकड़ेश्वर क्षेत्र के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

वहीं थाना बघाना क्षेत्र की स्वराज कपड़ा फैक्ट्री तथा थाना रामपुरा क्षेत्र में भी आमजन एवं कर्मचारियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि ‘‘नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0’’ 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना है।

Back to top button
error: Content is protected !!