A2Z सभी खबर सभी जिले की

निचलौल सीएचसी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी

FB IMG 1784397498408 FB IMG 1784397511365 FB IMG 1784397515068

निचलौल/महराजगंज

निचलौल सीएचसी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी

महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ओपीडी में 249 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि आपातकालीन कक्ष में 17 मरीजों को चिकित्सा सुविधा दी गई थी। डीएम ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

बीपीएचयू लैब में अब तक 68 पैथोलॉजिकल जांच की जा चुकी थीं। डीएम ने 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों की जांच और स्क्रीनिंग का विवरण अनिवार्य रूप से पहचान पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं, एक्स-रे यूनिट में 9 मरीजों की जांच हो चुकी थी।

एमसीएच विंग में स्टाफ की उपस्थिति संतोषजनक मिली। पीआईसीयू वार्ड में कोई मरीज भर्ती न मिलने पर डीएम ने हाई ग्रेड फीवर समेत जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकीय मानकों के अनुसार भर्ती कर उपचार देने के निर्देश दिए। एसएनसीयू में भर्ती नवजातों के उपचार की जानकारी लेते हुए उन्होंने पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।

अस्पताल परिसर, आयुष्मान वार्ड, प्रसव कक्ष और अन्य वार्डों में साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने और रोस्टर के अनुसार सफाई कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, जननी सुरक्षा योजना के तहत समय से भुगतान, बेडशीट नियमित रूप से बदलने और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा निष्प्रयोज्य वाहनों और जर्जर आवासों को नियमानुसार कंडम घोषित करने, अग्निशमन संबंधी कार्य शीघ्र पूरा कराने, कर्मचारियों की मॉक ड्रिल कराने और बीपीएचयू भवन तक जाने वाले मार्ग का इंटरलॉकिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पतालों की स्वच्छता और मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!