
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के प्रथम दिवस नरयावली विधानसभा के विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने अपने क्षेत्र से जुड़े जनहित के अनेक महत्वपूर्ण विषयों को विधानसभा पटल पर प्रभावी ढंग से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। सड़क, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा श्रमिक कल्याण जैसे विषयों पर पूछे गए उनके प्रश्नों ने क्षेत्र की आवश्यकताओं को सदन के समक्ष मजबूती से प्रस्तुत किया। विधायक लारिया ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नरयावली विधानसभा क्षेत्र की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का विषय प्रमुखता से उठाते हुए उनके उन्नयन, मजबूतीकरण एवं समयबद्ध सुधार कार्यों के संबंध में सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने ग्रामीण अंचलों में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की आवश्यकता पर बल देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि इन मार्गों का शीघ्र सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिससे आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने शासकीय महाविद्यालय नरयावली में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय प्रारंभ किए जाने का विषय प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप विभागीय कार्रवाई तथा विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में हो रही प्रगति के संबंध में सरकार से जानकारी चाही।
युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए विधायक लारिया ने शासकीय आईटीआई जरुआखेड़ा में नवीन ट्रेडों की स्वीकृति का विषय भी सदन में प्रमुखता से रखा। सरकार ने अपने उत्तर में जानकारी दी कि घोषणा के अनुरूप इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कोपा (कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग) एवं सोलर टेक्नीशियन जैसे नए ट्रेडों की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।श्रमिक हितों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए लारिया ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत संकटग्रस्त श्रमिक परिवारों को प्रदान की जाने वाली अनुग्रह सहायता राशि के लंबित प्रकरणों एवं भुगतान की स्थिति का विषय भी विधानसभा में उठाया, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता सुनिश्चित हो सके। सदन में प्राप्त उत्तरों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आवश्यक मार्गों के उन्नयन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। वहीं नरयावली महाविद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय प्रारंभ करने के लिए विभागीय स्तर पर परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
विधानसभा के प्रथम दिवस ही विधायक लारिया ने स्पष्ट कर दिया कि नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विकास, युवाओं के भविष्य, ग्रामीण आधारभूत संरचना, शिक्षा तथा श्रमिक कल्याण से जुड़े प्रत्येक विषय को वे पूरी गंभीरता, तथ्यों और दायित्वबोध के साथ सदन में उठाते रहेंगे।




