
धार, (
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड) 20 जुलाई 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा धार जिले में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक कर एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। जिला स्तर पर चयनित विजेता राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में धार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।जिला युवा अधिकारी सुश्री दीर्घा राजावत ने बताया कि धार जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा व्यक्तिगत अथवा समूह के रूप में प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिताओं में लोकगीत (समूह), शास्त्रीय, लोक एवं समकालीन नृत्य (समूह), नुक्कड़ नाटक/माइम एक्ट (समूह), पेंटिंग (व्यक्तिगत), वाद-विवाद/एलोक्यूशन (व्यक्तिगत), 60 सेकंड की शॉर्ट फिल्म/डिजिटल रील (व्यक्तिगत अथवा समूह), स्लोगन लेखन (व्यक्तिगत) तथा स्लैम पोएट्री (मौलिक कविता) प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।उन्होंने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के लिए MY Bharat पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित प्रतियोगिता में आवेदन करना अनिवार्य है। शॉर्ट फिल्म, डिजिटल रील एवं स्लोगन लेखन जैसी डिजिटल प्रविष्टियां भी पोर्टल पर ही अपलोड की जाएंगी।
ऑनलाइन आवेदन एवं प्रविष्टियां अपलोड करने की अंतिम तिथि 23 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल (mybharat.gov.in) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।जिला युवा अधिकारी सुश्री दीर्घा राजावत ने जिले के सभी स्कूलों, महाविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी एवं युवाओं से इस अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।




