

जिला ब्योरों गोपाल मारु 9993454360
बरमंडल – सरकार जहां एक ओर जनसुविधा की दृष्टि से विकास कार्यों की ओर प्रतिबद्ध है वहीं दूसरी ओर शासकीय विभाग के अधिकारी ही जनसमस्याओं को हल करने के बजाय समस्या बढ़ाने का कार्य कर रहे है। बरमंडल से चिराखान मार्ग जहां एक ओर दुर्दशा का शिकार हो रहा है। बारिश में उक्त मार्ग पर जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को खुली चुनौती दे रहे है वहीं दूसरी ओर बुधवार को विभाग द्वारा उक्त मार्ग के गड्ढों में मुरम से भराव करने के बजाय मिट्टी से भराव किया जा रहा है जिसके चलते अब तो दुर्घटना का अत्यधिक भय सताने लगा है। लगभग दो वर्ष पुर्व डामरीकरण किया गया था लेकिन नागदा से बरमंडल टू लेन मार्ग स्वीकृत होने के बाद संबंधी निर्माण एजेंसी ठेकेदार द्वारा उक्त मार्ग को चिराखान से बरमंडल से खोदकर उसी अवस्था में छोड़ दिया गया। खुदाई के समय ग्रामीणों को उम्मीद जागी थी कि अब शीघ्र मार्ग निर्माण हो जाएगा किंतु खुदाई के बाद से आज तक उक्त बरमंडल चिराखान मार्ग की कोई सुध नहीं ली गई जिसके चलते मार्ग पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए जानकारी के अनुसार कार्य में लेटलतीफी एवं लापरवाही के चलते ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड भी किया गया था। वर्तमान में जर्जर स्थिति के चलते अब विभागीय अधिकारी लीपापोती करने के चक्कर में उक्त मार्ग पर मिट्टी डालकर गड्ढे भरने का प्रयास कर दुर्घटना को बढ़ावा देने का सीधा कृत्य कर रहे है। जब इस संबंध में मौके पर कार्य कर रहे कर्मचारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उक्त मार्ग पर गड्ढे भरने का कार्य विभाग द्वारा किया जा रहा है ठेकेदार तो सितंबर से कार्य प्रारंभ करेगा। अब इस जवाब से स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि तब तक उक्त पर निकलने वाले राहगीरो को संकटो का सामना करना ही पड़ेगा। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि उक्त मार्ग निर्माण को जनसुविधा की दृष्टि से पहली प्राथमिकता से पूर्ण करवाकर हल किया जाएं।
इनका कहना है –
रोड के गड्ढे भर रहे है अगर मिट्टी डाली जा रही है तो मै उनको बोलकर तत्काल हटवाता हूं। कार्य ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है।
राहुल सिंह एसडीओ पीडब्लूडी बदनावर ।






