स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गढ़वा में व्यापक स्वच्छता श्रमदान

गढ़वा। स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत गुरुवार को गढ़वा में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ—स्वच्छता श्रमदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर परिषद गढ़वा एवं जिला जल एवं स्वच्छता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गोविंद उच्च विद्यालय, गढ़वा के मैदान से हुई। इस दौरान उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से चिनियां मोड़ से बीरेन्द्र तिवारी मार्ग तक स्वच्छता श्रमदान किया।
श्रमदान के दौरान सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में प्रशासन के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधरोपण
स्वच्छता अभियान के बाद नए समाहरणालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण किया गया। उपायुक्त सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने की जरूरत है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने कार्यालय एवं कार्यालय परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण रहने से आमजनों के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपने घर, कार्यालय, गली-मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वच्छता के लक्ष्य को स्थायी रूप से हासिल करना संभव नहीं है।
सामूहिक जिम्मेदारी विकसित करना अभियान का उद्देश्य
‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ—स्वच्छता श्रमदान’ कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना और आमजनों को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





