नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आयोजित दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स सम्पन्न


सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम, सागर में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें जिले के विभिन्न थाना एवं इकाइयों से लगभग 70 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के महत्वपूर्ण प्रावधानों, अनुसंधान की नवीन प्रक्रिया, डिजिटल एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, अपराध विवेचना, गिरफ्तारी, तलाशी, जब्ती, न्यायालयीन प्रक्रिया तथा कानूनों के व्यावहारिक क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों ने नवीन कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा केस स्टडी एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से कानूनों के प्रभावी अनुपालन की प्रक्रिया को समझाया। समापन अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नवीन आपराधिक कानूनों का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी, तकनीक आधारित, समयबद्ध एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है। इन कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है जब पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उनके प्रावधानों का गहन अध्ययन कर उन्हें व्यवहार में पूरी दक्षता के साथ लागू करें। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना, त्वरित कार्रवाई एवं नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा प्रदान करने का आह्वान किया गया। सागर पुलिस द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिस बल को नवीन विधिक प्रावधानों, आधुनिक अनुसंधान तकनीकों एवं व्यावसायिक दक्षताओं से निरंतर अद्यतन रखा जा सके तथा आमजन को प्रभावी, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।



