A2Z सभी खबर सभी जिले की
रायबरेली एनटीपीसी ऊंचाहार ने नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत 60 बेरोज़गार युवाओं के कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु नए बैच का शुभारंभ
01 Aug 2026, 09:54 PM • Vande Bharat Live TV News


रायबरेली।
रायबरेली एनटीपीसी ऊंचाहार ने नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत 60 बेरोज़गार युवाओं के कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु नए बैच का शुभारंभ
एनटीपीसी ऊंचाहार ने अपने नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत स्थानीय युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज CIPET (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी), लखनऊ में 60 बेरोज़गार युवाओं के व्यावसायिक प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (NSPCL) श्री दिवाकर कौशिक, कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) एवं क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रमुख (उत्तर एवं दक्षिण) श्री एस. एन. पाणिग्रही तथा कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (ऊंचाहार) श्री बिस्व मोहन सिंह, तथा श्री विवेक कुमार, संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख, CIPET, लखनऊ सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे एवं प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया।
एनटीपीसी ऊंचाहार एवं CIPET, लखनऊ के मध्य हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MOA) के अंतर्गत परियोजना के आसपास की 15 ग्राम पंचायतों से चयनित 60 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को “मशीन ऑपरेटर – इंजेक्शन मोल्डिंग” एवं “मशीन ऑपरेटर – प्लास्टिक प्रोसेसिंग” ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्रत्येक ट्रेड में 30-30 प्रशिक्षुओं का एक-एक बैच शामिल है, जिसमें 22 बालिकाएँ भी शामिल है । इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योगोन्मुख कौशल प्रदान कर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (NSPCL) श्री दिवाकर कौशिक ने युवाओं को अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति तथा तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) एवं क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रमुख (उत्तर एवं दक्षिण) श्री एस. एन. पाणिग्रही ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण अवधि का पूर्ण लाभ उठाने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से उद्योग जगत में उत्कृष्ट पहचान बनाने का संदेश दिया।
परियोजना प्रमुख श्री बिस्व मोहन सिंह ने कहा कि एनटीपीसी ऊंचाहार स्थानीय युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि CIPET के सहयोग से संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा सीएसआर के अंतर्गत संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक कुल 187 स्थानीय युवाओं को सफलतापूर्वक रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। इस उद्देश्य हेतु कंपनी द्वारा लगभग ₹196 लाख की राशि व्यय की गई है, जो स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति एनटीपीसी की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में श्री राहुल शर्मा, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), उत्तरी क्षेत्र; श्री पंकज कुमार, मानव संसाधन प्रमुख एनटीपीसी ऊंचाहार एवं उनकी सीएसआर टीम उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।



