पितृपक्ष मेला 2026की तैयारियों को लेकर डीएम ने किया मेला क्षेत्र की सड़कों एवं नालियों का पैदल निरीक्षण l

*पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर डीएम ने किया मेला क्षेत्र की सड़कों एवं नालियों का पैदल निरीक्षण*
*सड़कों के गड्ढों का 5 दिनों में समतलीकरण, नालियों की सफाई एवं जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश*
गया, 01 सितंबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के अवसर पर देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने एवं मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़कों, नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पितृपक्ष मेला इस वर्ष 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर ने आज नादरगंज, रामसागर होते हुए चांद चौरा तक पैदल भ्रमण कर मेला क्षेत्र की सड़कों, नालियों, जल निकासी एवं साफ-सफाई व्यवस्था का स्थल निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय के समीप जिला स्कूल के पास सड़क पर बिखरे पत्थरों को तत्काल हटवाने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया। डीएम ने नगर आयुक्त एवं बुडको के अभियंताओं को निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला को देखते हुए सड़कों पर अनावश्यक रूप से गड्ढा नहीं किया जाए। मेला क्षेत्र में पूर्व से जहां भी सड़क पर गड्ढा खोदा गया है, उसका अगले 5 दिनों के भीतर समतलीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र में स्थित नालियों की सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिन नालियों में कहीं भी पानी जमा हुआ दिखाई दे, वहां पुनः सफाई कराकर जल निकासी सुचारू कराई जाए, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
डीएम ने कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, गया को समाहरणालय से नादरगंज होते हुए रामसागर तक पूर्वी एवं पश्चिमी तरफ की सड़कों का समतलीकरण कराने तथा आवश्यकतानुसार कालीकरण कार्य कराने का निर्देश दिया।
रामसागर सूर्य मंदिर के समीप बारिश का पानी जमा होने पर जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त को समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं, नादरगंज नाला की सफाई जेसीबी एवं सुपर सक्शन मशीन के माध्यम से अगले 4 दिनों में कराने का निर्देश भी दिया गया।
चांद चौरा स्थित सुधा पार्लर के पास निर्माणाधीन नाली का कार्य 10 सितंबर 2026 तक पूर्ण कराने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया।
*आवारा पशुओं के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने का निर्देश*
जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र में आवारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाने तथा उन्हें सड़कों से हटाने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाकर आवारा पशुओं को सड़कों से हटाया जा रहा है तथा पशु मालिकों से जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विगत 15 दिनों में 45 आवारा पशुओं को पकड़ा गया है तथा ₹3.50 लाख की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई है। आगे भी लगातार अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला शुरू होने से पूर्व मेला क्षेत्र की सड़क, नाली, जल निकासी, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, वरीय उप समाहर्ता श्री अंकुर कुमार, कार्यपालक अभियंता बुडको, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, उप नगर आयुक्त, नगर निगम के सभी अभियंता, सफाई प्रभारी, विष्णुपद मंदिर के पुरोहितगण, सड़क-नाली मरम्मती कोषांग के सदस्य, स्थानीय वार्ड पार्षदगण एवं स्थानीय आमजन उपस्थित थे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






