जोनल मजिस्ट्रेटों को अंतिम प्रशिक्षण देकर मतदान केन्द्रों के लिए किया रवाना

जोनल मजिस्ट्रेटों को अंतिम प्रशिक्षण देकर मतदान केन्द्रों के लिए किया रवाना
नगर निगम चुनाव 165 मतदान केन्द्रों पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान की जिम्मेदारी
पाली, 8 सितम्बर। नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी कार्यालय में नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेटों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के बाद सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके आवंटित जोन एवं संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम आम चुनाव के तहत पाली शहर में कुल 165 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 15 एक्टिव तथा 4 रिजर्व सहित कुल 19 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने निर्धारित जोन में आने वाले मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा मतदान दिवस पर निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि अंतिम प्रशिक्षण के दौरान जोनल मजिस्ट्रेटों को मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, निर्वाचन प्रक्रिया, कानून एवं शांति व्यवस्था से संबंधित दायित्वों तथा आकस्मिक परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में मतदान केन्द्रों का सतत निरीक्षण करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केन्द्रों पर रखेंगे नजर -जोनल मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देंगे। उनका मुख्य दायित्व मतदान प्रक्रिया को निर्बाध रूप से संचालित कराने के साथ ही क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना रहेगा।
ये रहे मौजूद – प्रशिक्षण के दौरान मनोज अग्रवाल, चेनाराम इनाणिया, महिपाल सिंह राठौड़, सुरेश कुमार जांगिड़, बलदेवराम जाट, अमराराम, लक्ष्मण पटेल, बलवीर सिंह राणावत, देवीलाल, गिरीश मॉल, शंकरलाल राठौड़, दौलाराम मेघवाल, डॉ. अमित सारस्वत, राहुल सिंह, डॉ. वचनाराम देवाराम, स्वरूप सिंह, जवाहरलाल, चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, सुरेश व्यास, रमेश कुमार अणकिया, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




