Railway News: रेलवन ने यात्रियों की यात्रा की आसान… एक ही मंच पर मिल रहीं सभी यात्री सुविधाएं

इंदौर / तेजकुमार जारवाल / वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़,
भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधाओं को डिजिटल रूप से बेहतर बनाने की दिशा में रेलवन अनुप्रयोग को महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया है। इस ऐप के जरिए यात्रियों को रेल यात्रा से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध हो रही हैं। टिकट बुकिंग से लेकर पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, आगमन-प्रस्थान की जानकारी, शिकायत और सहायता जैसी सुविधाओं का उपयोग यात्री आसानी से कर सकते हैं।
अनारक्षित टिकट भी मिलेगा
रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित टिकट के साथ अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट भी बुक कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रेन सर्च और पूछताछ, पीएनआर की स्थिति, ट्रेन के वास्तविक समय परिचालन तथा यात्रा से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी भी मोबाइल पर हासिल की जा सकती है। यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष की बुकिंग जैसी सुविधाएं भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई गई हैं।
एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सबकुछ
इस व्यवस्था का एक बड़ा फायदा यह है कि यात्रियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत कम हो गई है। रेल यात्रा से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुविधाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने से टिकट से लेकर यात्रा तक की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
शिकायत और सहायता की सुविधा भी उपलब्ध
यात्रियों की शिकायतों और सहायता संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेल मदद की सेवाओं को भी इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया है। यात्री शिकायत, सुझाव अथवा किसी तरह की सहायता के लिए रेल मदद के माध्यम से अपना अनुरोध दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा भारतीय रेल की 139 हेल्पलाइन भी ट्रेन और यात्रा से जुड़ी जानकारी तथा सहायता हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
ट्रेन की लाइव जानकारी के लिए अधिकृत माध्यम पर करें भरोसा
ट्रेन की समय-सारणी, ठहराव, आगमन-प्रस्थान और वास्तविक समय में ट्रेन के संचालन की जानकारी के लिए यात्रियों को रेलवे के अधिकृत राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ सिस्टम का उपयोग करने की सलाह दी गई है। रेल प्रशासन का कहना है कि ट्रेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करते समय यात्रियों को आधिकारिक डिजिटल माध्यमों को ही प्राथमिकता देनी चाहिए।
गलत वेबसाइट्स से मिली गलत जानकारी
रेल प्रशासन के सामने ऐसे मामले भी आए हैं, जिनमें दूसरी वेबसाइटों या मोबाइल ऐप से मिली पुरानी अथवा गलत जानकारी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और परिचालन से जुड़ी जानकारी रेलवे के अधिकृत ऐप या डिजिटल प्लेटफॉर्म से जरूर जांच लें।
फर्जी वेबसाइट और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान
रेल प्रशासन ने यात्रियों को अनधिकृत वेबसाइटों, मोबाइल एप्लिकेशन और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निजी या वित्तीय जानकारी दर्ज करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और आधिकारिक होने की पुष्टि करने को कहा गया है। रेलवन ऐप को भारतीय रेल की यात्री सेवाओं को एकीकृत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। एक ही मंच पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होने से यात्रियों को जानकारी हासिल करने, टिकट बुक करने और शिकायत दर्ज कराने में आसानी हो रही है। रेलवे का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं के जरिए रेल यात्रा को ज्यादा सरल, तेज और सुविधाजनक बनाना है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






