कांठ के रामसराय भंकरी पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, वन विभाग ने डियर पार्क पहुंचाया

कांठ तहसील क्षेत्र के गांव रामसराय भंकरी में बुधवार सुबह करीब पांच बजे एक तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पिंजरे समेत अपने कब्जे में ले लिया।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह और वन दरोगा राजेंद्र सिंह टीम के साथ रामसराय भंकरी पहुंचे। टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से पिंजरे सहित कब्जे में लेकर मुरादाबाद स्थित डियर पार्क पहुंचाया। वहां तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए को परीक्षण के बाद कहां छोड़ा जाएगा, इसको लेकर मंथन किया जा रहा है।
बताया गया कि रामसराय भंकरी में करीब 20 दिन से तेंदुए की चहल-कदमी देखी जा रही थी। इसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में एक सप्ताह पहले पिंजरा लगाया था। बुधवार सुबह तेंदुआ पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि क्षेत्र में लगातार तेंदुओं की मौजूदगी को लेकर लोगों में अभी भी दहशत बनी हुई है।

— कांठ के भरतपुर में मंगलवार को महिला पर किया था तेंदुए ने हमला
कांठ तहसील क्षेत्र के गांव भरतपुर निवासी निर्वेश देवी पत्नी विजयपाल सिंह मंगलवार को खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। घास काटते समय अचानक गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया था। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया था।
परिजन घायल निर्वेश देवी को उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। तेंदुए के लगातार दिखाई देने और महिला पर हमले की घटना के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुओं की निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







