यातायात नियमों को लेकर सख्त हुई नूह पुलिस।

यातायात नियमों को लेकर सख्त हुई नूंह पुलिस,
05 महीने में बिना नंबर प्लेट के 12940 चालान, 405 वाहन जब्त
नूंह जिले में यातायात नियमों को लेकर नूंह पुलिस बेहद सख्त हो गई है । पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के कार्यभार संभालने के बाद से यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देश पर जिले में अलग-अलग टीमों द्वारा वाहन चैकिंग और यातायात नियमों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से बड़ी संख्या में चोरी की मोटरसाइकिलें भी पकड़ी गई हैं और बाइक चोरी की वारदातों में भारी कमी आई है ।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 01 अप्रैल से 16 सितंबर 2026 तक पिछले करीब 05 महीनों में बिना नंबर प्लेट के 12940 चालान किए गए हैं और 405 वाहनों को जब्त किया गया है । यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन का मानना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहनों का अपराध में प्रयोग करने के बाद उनकी शिनाख्त करने में कड़ी में मशक्कत करनी पड़ती है तथा चोरी के वाहनों को भी बिना नंबर प्लेट के प्रयोग में लाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए यह अभियान बहुत जरूरी है । साथ ही ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने के कारण छोटी सी सड़क दुर्घटना में भी जान चली जाती है, जिससे एक परिवार को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है। लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से ही यह सख्ती की जा रही है, न कि परेशान करने के लिए। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के शुरुआती दिनों में ही नूंह पहाड़ घाटी में एक सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें एक युवक की मौत का मुख्य कारण सिर में चोट और हेलमेट न पहनना था । मेवात में युवा ज्यादा मोटरसाइकिल चलाते हैं और सड़क हादसों का शिकार अधिक होते हैं, जिसका मुख्य कारण ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना और यातायात नियमों का पालन न करना आदि है।
पुलिस अधीक्षक ने हाल ही में गुड़गांव में हुए एक चर्चित बाइक हादसे का उदाहरण देते हुए कहा कि एक महिला राइडर ने हेलमेट और सुरक्षा उपकरण पहने होने के कारण बड़े हादसे में भी अपनी जान बचा ली। इसलिए जरूरी है कि लोग हेलमेट का प्रयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और वाहन के दस्तावेज पूरे रखें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







