सागर में गूंजा किसान कल्याण का संकल्प, बलराम कृषि महोत्सव में आधुनिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान

सागर में गूंजा किसान कल्याण का संकल्प, बलराम कृषि महोत्सव में आधुनिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान*
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * किसान कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत गुरुवार को कृषि उपज मंडी परिसर, खुरई रोड सागर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, नरयावली विधायक इंजी.
प्रदीप लारिया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कृषक, गणमान्यजन एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों, शासकीय योजनाओं, प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण, प्रसंस्करण एवं बेहतर विपणन की संभावनाओं से जोड़ना है। मुख्यमंत्री डॉ.
मोहन यादव ने जुलाई में इंदौर से राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ करते हुए किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से कृषि में आधुनिक तकनीक, नवाचार और मूल्य संवर्धन पर जोर दिया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान को केंद्र में रखकर कृषि क्षेत्र को अधिक सक्षम और समृद्ध बनाने की दिशा में काम कर रही है।
किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र में निरंतर नए आयाम जोड़ रही है।
बलराम कृषि महोत्सव किसानों और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नरयावली विधायक लारिया ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष केवल एक वर्ष तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं, बल्कि कृषि को अधिक लाभकारी और किसान को अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में व्यापक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि किसान को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, सिंचाई, आधुनिक कृषि यंत्र, तकनीकी जानकारी, फसल विविधीकरण, भंडारण, प्रसंस्करण और बेहतर बाजार से जोड़ा जाए। खेत से निकलने वाली उपज का अधिक से अधिक मूल्य किसान तक पहुंचे, यही वास्तविक किसान कल्याण है।
विधायक लारिया ने कहा कि सागर और नरयावली क्षेत्र की कृषि को आधुनिक तकनीक और सिंचाई सुविधाओं से जोड़ते हुए कृषि आधारित रोजगार एवं मूल्य संवर्धन की संभावनाओं को बढ़ाना समय की आवश्यकता है। बुंदेलखंड की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पानी की प्रत्येक बूंद का बेहतर उपयोग, फसल विविधीकरण और कृषि के साथ पशुपालन, डेयरी एवं अन्य सहायक गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी किसानों तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि किसानों को योजनाओं की जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों तथा पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
उन्होंने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा दी जा रही जानकारी का लाभ लेने तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आग्रह किया,महोत्सव में कृषि एवं संबंधित विभागों द्वारा किसानों को विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा कृषि से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। किसानों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई तकनीकों और संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में किसानों के साथ संवाद करते हुए कृषि को अधिक लाभकारी बनाने, प्राकृतिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा कृषि के साथ अन्य आयवर्धक गतिविधियों को जोड़ने पर जोर दिया गया। बलराम कृषि महोत्सव ने सागर में “किसान कल्याण वर्ष” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए किसान, कृषि विज्ञान, शासन और बाजार के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्यजन तथा क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







