कनहर नदी में अलसुबह अवैध बालू खनन का खेल, वन विभाग ने पकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली

टीम की आहट मिलते ही मची खलबली, कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर खननकर्ता हुए भूमिगत; वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज
विंढमगंज, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज वन रेंज के बैरखड़ बीट अंतर्गत कूदरी गांव के समीप कनहर नदी में शुक्रवार की अलसुबह चल रहे कथित अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग की टीम ने कार्रवाई की। गश्त के दौरान टीम ने नदी से बालू लादकर परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
वन विभाग के अनुसार पकड़ा गया ट्रैक्टर आशीफ पुत्र अनवर का बताया जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय लाया गया, जहां उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कूदरी गांव के समीप कनहर नदी से बालू लादकर निकल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर टीम की नजर पड़ गई।
टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार नदी में बालू खनन में लगे अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालक वाहन लेकर इधर-उधर छिप गए और टीम के वापस लौटने का इंतजार करने लगे।
धारा 41/42 और 69 में दर्ज हुआ मुकदमा
वन विभाग ने पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेते हुए भारतीय वन अधिनियम-1927 की धारा 41/42 एवं 69 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
कनहर-मलिया नदी में बड़े पैमाने पर खनन का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के पकरी, हरपुरा, पतरीहा, डुमरा, फुलवार, जोरूखाड़ समेत दर्जनों गांवों के आसपास कनहर और मलिया नदी से कथित रूप से लगातार बालू निकाली जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बालू का खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा है।
बाद में यही बालू क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी सामने आ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नदी से इसी तरह लगातार बालू निकाली जाती रही तो नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
साथ ही सरकारी राजस्व को भी नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से पूरे क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध खनन एवं परिवहन की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
विंढमगंज वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह गश्त के दौरान अवैध खनन कर बालू का परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। वाहन को कब्जे में लेकर वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







