भारत नेपाल के बीच मैत्रीय वॉलीबॉल मुकाबला

मैदान पर दिखी भारत-नेपाल की दोस्ती
SSB और नेपाल APF के बीच मैत्री मुकाबला,दोनों देशों के अधिकारी रहे मौजूद
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा के साथ-साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। SSB और नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (APF) के बीच मैत्री वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों देशों के जवानों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
मैत्री मुकाबले में 42वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट जी.सी. पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नेपाल APF के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों देशों के अधिकारियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और मैच का आनंद लिया।
मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने शानदार सर्विस, स्मैश और डिफेंस के जरिए अपनी-अपनी टीम को बढ़त दिलाने के लिए जोरदार प्रयास किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। खेल के साथ-साथ दोनों देशों के जवानों के बीच मित्रता और आपसी सम्मान की भावना भी नजर आई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के बीच इस प्रकार के मैत्रीपूर्ण आयोजन आपसी विश्वास और बेहतर समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मैत्री मैच के समापन पर दोनों देशों के अधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। आयोजन ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा, सहयोग, सद्भाव और मित्रता का मजबूत संदेश दिया। इस तरह के आयोजन भविष्य में भी दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ करने में सहायक साबित होंगे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






