चेतिया में घर का ताला तोड़कर चोरी, नकदी समेत साढ़े तीन लाख के जेवर पार
सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर की छत पर बने कमरे का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई।
रामकिशुन प्रजापति ने बताया कि उनके घर की छत पर दो कमरे बने हैं, जिनमें घरेलू सामान रखा जाता है। परिवार के लोग नीचे सोते हैं। शुक्रवार रात चोरों ने छत पर बने कमरे का ताला तोड़ दिया और अंदर रखा सामान खंगालकर चोरी कर ली।
शनिवार सुबह रामकिशुन की बेटी करिश्मा नाश्ता लेकर खेत जाने के लिए छत पर बने कमरे से टिफिन और बर्तन लेने पहुंची। वहां ताला टूटा और सामान बिखरा देखकर उसने परिवार के लोगों और पड़ोसियों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर रामकिशुन भी खेत से घर पहुंचे। सामान की जांच करने पर 40 हजार रुपये नकद गायब मिले।
परिजनों के मुताबिक, चोर नथिया, टीका, झाला, झुमकी, पायल, पाजेब, मंगलसूत्र और मक्खी समेत करीब 3.50 लाख रुपये के जेवरात भी उठा ले गए।
थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।