गोरखपुर।
युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं एवं राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्री गोरखनाथ मंदिर में 'सप्त दिवसीय पुण्यतिथि समारोह' का आयोजन 24 सितंबर से 30 सितंबर तक होगा।
साप्ताहिक श्रद्धांजलि समारोह के अंतर्गत ही 23 सितंबर, 2026 से साप्ताहिक 'संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ' का आयोजन होगा। श्री रेवासा धाम, वृंदावन से पधारे श्रीमद्भगद्गुरु द्वाराचार्य अग्रपीठाधीश्वर एवं मलूकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेंद्रदास देवाचार्य जी महाराज कथामृत का पान कराएंगे।
श्री गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ जी ने कहा है कि इस समारोह में देश के अनेक संत, महात्मा, धर्माचार्य, विद्वत्जन तथा समाजसेवी भाग लेंगे। समसामयिक विषयों पर चलने वाला सम्मेलन 24 सितंबर से प्रारम्भ होगा। 24 सितंबर को उद्घाटन समारोह में 'भारतीय ज्ञान परंपरा का वर्तमान परिप्रेक्ष्य' विषयक सम्मेलन, 25 सितंबर को 'नशा नाश का कारण है', 26 सितंबर को 'लोकतंत्र की जननी है भारत', 27 सितंबर को 'संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति', 28 सितंबर को 'भारतीय संस्कृति एवं गो-सेवा' विषयक सम्मेलन सम्पन्न होंगे।
29 सितंबर को युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की तथा 30 सितंबर को राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। 29-30 सितंबर को अखंड मानस पाठ तथा भंडारा होगा।