मध्य प्रदेश की राजनीति में सुगबुगाहट: देर रात सीएम मोहन यादव से मिले भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नए सियासी समीकरणों पर चर्चा?

🔴 तेजकुमार जारवाल
जिला रिपोर्टर | इंदौर
वंदे भारत LIVE TV NEWS,
प्रदेश की राजधानी भोपाल में देर रात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।
करीब एक घंटे तक बंद कमरे में चली इस गोपनीय चर्चा के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए इस बैठक की जानकारी सार्वजनिक की।
'सेवा-संकल्प अभियान' पर चर्चा का दिया हवाला
बैठक के संदर्भ में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर आगामी ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की रूपरेखा एवं उससे जुड़े कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।
यद्यपि पार्टी की ओर से इसे संगठन के नियमित कार्यक्रमों की तैयारी बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगभग 60 मिनट चली इस बैठक में हालिया घटनाक्रमों और राज्य के राजनीतिक हालातों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ है। कैलाश विजयवर्गीय का बयान और खेद
इस बैठक को कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जो दिनभर चर्चा का केंद्र बना रहा।
इंदौर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने बीजेपी पार्षद संध्या यादव के संदर्भ में एक टिप्पणी की थी। इस बयान पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की थी।
हालांकि, संबंधित बीजेपी पार्षद ने इसे क्षेत्रीय मालवी भाषा का सामान्य संदर्भ बताते हुए किसी भी प्रकार की आपत्ति से इनकार किया। इसके बाद राजनीतिक सरगर्मियों को विराम देने के उद्देश्य से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने बयान पर खेद व्यक्त किया।
दिल्ली में प्रहलाद पटेल और गोपाल भार्गव की मुलाकात का असर
मध्यप्रदेश बीजेपी में पिछले कुछ दिनों से जारी घटनाक्रमों के बीच इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। हाल ही में दिल्ली में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की इस बैठक में दिल्ली में हुई इस उच्चस्तरीय मुलाकात और प्रदेश के नए मीडिया प्रभारी के नाम को लेकर भी मंथन होने की संभावना जताई जा रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







