आगर-मालवा, 24 सितंबर। नगर परिषद सुसनेर में 29 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष पद के उपनिर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान के लिए मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ब्रांड एंबेसडर सारिका घारू पपेट शो, प्रेरक गीत, नृत्य और रोचक गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगी।
अभियान में पहली बार मतदान करने जा रहे युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस रहेगा। सारिका घारू सुसनेर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर हर आयु वर्ग के मतदाताओं को मतदान के महत्व की जानकारी देंगी। उन्होंने कहा कि 29 सितंबर को प्रदेश में होने वाला यह एकमात्र स्थानीय निकाय उपनिर्वाचन है। ऐसे में सुसनेर के मतदाताओं के पास शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागिता का विशेष अवसर है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।