उडान भरो जितना तुम चाहे पर नशे से दूरी बनाओ:डा अशोक शर्मा

उड़ान भरो जितना तुम चाहो- पर नशे से दूरी बनाओ- डॉक्टर अशोक कुमार वर्मा
नूह। राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नूह में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक एवं निदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा उप पुलिस महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद श्री राजेंद्र कुमार मीना, आईपीएस के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य श्री सुधीर कुमार की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं अनुदेशकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास कार्य से जुड़े डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र सेवा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करते हुए समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डॉ. वर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को नशे से स्वयं दूर रहना चाहिए तथा अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा छोड़ने के लिए दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति सबसे महत्वपूर्ण है। यदि व्यक्ति दृढ़ निश्चय कर ले तो वह नशामुक्त जीवन की ओर कदम बढ़ा सकता है। उन्होंने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशीले पदार्थों के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ब्यूरो द्वारा प्रवर्तन, जागरूकता एवं पुनर्वास के माध्यम से नशे की समस्या से निपटने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नशीले पदार्थों से संबंधित सहायता एवं सूचना के लिए इस हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल विकास, खेल, योग, समाजसेवा, रक्तदान एवं पर्यावरण संरक्षण जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की अमूल्य शक्ति है और इस शक्ति का सदुपयोग राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना की भावना के अनुरूप प्रत्येक युवा को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नूह के लगभग 450 विद्यार्थियों एवं 60 अनुदेशकों, कुल 510 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि नशे की सुई को न कहकर राष्ट्रसेवा की राह को अपनाएं और अपने जीवन को देश, समाज एवं मानवता के लिए सार्थक बनाएं। कार्यक्रम के अंत में शपथ ग्रहण करवाई गई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







