जिला सवांददाता – नंदकिशोर सिंह मेरावी (बालाघाट )
बालाघाट, 24 सितंबर 2026। गणेश उत्सव के समापन अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा ने 24 सितंबर की शाम ग्राम रोड स्थित वैनगंगा नदी के छोटे पुल के पास तथा गायखुरी में नदी किनारे गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बनाए गए कुंडों का मौके पर निरीक्षण किया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दोनों विसर्जन स्थलों पर की गई व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही कराया जाए और इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।
उन्होंने विसर्जन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, आवागमन को व्यवस्थित रखने तथा नदी के गहरे पानी एवं अन्य जोखिम वाले स्थानों पर लोगों को जाने से रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन के दौरान सतत निगरानी रखने और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री गोपाल सोनी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर एवं नगरपालिका का अमला भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने विसर्जन के लिए बनाए गए कुंडों, पहुंच मार्ग तथा स्थल पर उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से करें।