स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रियांबड़ी में श्रमदान, विकास अधिकारी ने खुद उठाया कचरा

एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत पंचायत समिति टीम और आमजन ने दिया स्वच्छता का संदेश, 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में होंगी ग्राम सभाएं
रियांबड़ी। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत गुरुवार को रियांबड़ी में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान पंचायत समिति की टीम, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने मिलकर विकास अधिकारी आवास के पास साफ-सफाई कर स्वच्छता का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में दृश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना, आमजन के व्यवहार में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव लाना, जनभागीदारी सुनिश्चित करना और स्वच्छता को स्थायी रूप से जनजीवन का हिस्सा बनाना रहा।
श्रमदान कार्यक्रम में विकास अधिकारी संजय शर्मा ने स्वयं आगे आकर तगारी से कचरा उठाया और उसे ट्रैक्टर में डालकर सफाई अभियान में भागीदारी निभाई। अधिकारियों को स्वयं श्रमदान करते देख कर्मचारियों एवं आमजन में भी उत्साह नजर आया।
इस दौरान विकास अधिकारी संजय शर्मा ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के आसपास तथा सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल गांव की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि विशेष रूप से वर्षा ऋतु के बाद फैलने वाली मौसमी एवं संचारी बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
17 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चला स्वच्छता जागरूकता अभियान
सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी ने अभियान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत 17 सितंबर से 1 अक्टूबर तक गांवों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्वच्छ पाठशाला, कचरा संवेदनशील बिंदुओं का समयबद्ध सुधार, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, जनभागीदारी के लिए जनजागरूकता अभियान, स्वच्छता संबंधी खेल गतिविधियां, स्वच्छ पर्यटक स्थल, स्वच्छता से समृद्धि तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ-साथ कचरे के उचित निस्तारण और पृथक्करण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 के तहत घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलग-अलग रंग के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी गई।
इसके तहत हरे रंग के डस्टबिन में गीला कचरा, नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कचरा, लाल रंग के डस्टबिन में खतरनाक घरेलू कचरा तथा काले रंग के डस्टबिन में जैव चिकित्सा एवं ई-वेस्ट कचरे को अलग-अलग रखने के प्रति जागरूक किया गया। जनभागीदारी से गांवों को स्वच्छ बनाने की पहल
अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सार्वजनिक स्थलों, कचरा संवेदनशील क्षेत्रों और गांवों के आसपास सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों और आमजन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग रखें तथा अपने गांव और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
2 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में होंगी ग्राम सभाएं
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के समापन अवसर पर 2 अक्टूबर को रियांबड़ी क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता के साथ ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी और गांवों के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
अभियान के दौरान हुए कार्यों को आगे भी जारी रखने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों और आमजन ने निभाई सक्रिय भागीदारी
गुरुवार को आयोजित स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम में सहायक अभियंता राकेश कुमार महरिया, सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी, धर्मेंद्र गिल, एमआईएस मैनेजर नरेश सैनी, कंप्यूटर ऑपरेटर नसीब मोहम्मद, पवन कुमार शर्मा सहित पंचायत समिति के अन्य कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जिम्मेदारी है। जब प्रशासन के साथ आमजन भी मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आएंगे, तभी गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकेगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







