सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *मध्यप्रदेश पुलिस में कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्य, साहसिक प्रयासों एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार (वर्ष 2024-25) के लिए जिला सागर से उप निरीक्षक श्रीमती कल्पना गुप्ता का चयन ‘विशिष्ट श्रेणी’ में किया गया है।
इस उपलब्धि के लिए उन्हें ₹50,000/- की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उप निरीक्षक श्रीमती कल्पना गुप्ता वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, सागर जोन के साइबर सेल में पदस्थ हैं।
साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और तकनीकी रूप से जटिल होती चुनौतियों के बीच उन्होंने अपनी तकनीकी दक्षता, विश्लेषणात्मक क्षमता, सूझबूझ, त्वरित कार्यशैली एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण से साइबर अपराधों की जांच एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डिजिटल युग में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के माध्यम से अपराधों की गुत्थी सुलझाने में दक्षता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ऐसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्यस्तरीय प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित होना उनकी कार्यक्षमता, लगन एवं पेशेवर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। के.एफ.
रुस्तम जी पुरस्कार के लिए उनका चयन पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान की महत्वपूर्ण पहचान है। यह सम्मान साइबर अपराधों की रोकथाम, तकनीकी अनुसंधान तथा आम नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रोत्साहित करता है।
उप निरीक्षक श्रीमती कल्पना गुप्ता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से सागर पुलिस एवं सागर जोन का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए निष्ठा, कार्यकुशलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा है।
सागर जोन एवं जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तथा साथी अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रीमती कल्पना गुप्ता की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी इसी समर्पण, दक्षता एवं प्रतिबद्धता के साथ पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
सागर पुलिस को श्रीमती कल्पना गुप्ता की इस उपलब्धि पर गर्व है।