कधवन पंचायत सचिवालय में श्रद्धा से मनाई गई गांधी जयंती

संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ श्री बंशीधर नगर। प्रखंड अंतर्गत कधवन पंचायत सचिवालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मियों, महिला समूह की सदस्यों एवं ग्रामीणों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत के मुखिया फिरदौस अंसारी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से गांधी जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पंचायत सचिवालय परिसर में गांधी जी के विचारों और उनके सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की गई।
मौके पर मुखिया फिरदौस अंसारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम और सादगी के माध्यम से न केवल देश को स्वतंत्रता के आंदोलन में नई दिशा दी, बल्कि समाज को आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनके विचारों को केवल जयंती समारोह तक सीमित रखने के बजाय अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे कार्य गांधी जी के विचारों को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। पंचायत स्तर पर भी लोगों को एकजुट होकर स्वच्छ, शांतिपूर्ण और विकसित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर रोजगार सेवक आनंद विश्वकर्मा, सरीफ अंसारी, अंगद अंसारी, अहमद अंसारी सहित महिला समूह की सदस्य, पंचायतकर्मी एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







