दुर्गा पूजा में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।।

दुर्गा पूजा में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।।
"ठाकुरगांव थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, अफवाहों से दूर रहने की अपील"
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
ठाकुरगांव। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को ठाकुरगांव थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूजा और विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने किया। इस दौरान मांडर सर्किल इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर भरोसा करने या उसे आगे बढ़ाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल अवगत कराने को कहा।
पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पूजा आयोजन और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग मांगा। वहीं, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों से भी प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की अपील की गई।
"ये रहे मौजूद"
बैठक में स्पेशल पुलिस ऑफिसर प्रभाकर कुमार, एएसआई सुनील दास, एएसआई सुरेश दास, जिला परिषद सदस्य मनोज बाजपाई, गुरुगाई मुखिया जयंती देवी, ठाकुरगांव मुखिया सचिन पहान, पवन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






