रिपोर्टर समसुद्दीन अली शेख, हमीरपुर
दिनांक: 06 अक्टूबर 2026
*ग्राम कुशमरा में फार्मर फील्ड-डे का आयोजन, किसानों को जलवायु अनुकूल एवं एकीकृत कृषि प्रणाली की दी गई जानकारी*
*लगभग 92 कृषकों ने किया प्रतिभाग, उन्नत बीज, पोषक तत्व प्रबंधन, कीट प्रबंधन एवं किसान कल्याण योजनाओं पर हुई चर्चा*
हमीरपुर। उप कृषि निदेशक, हमीरपुर के निर्देशन में विकास खंड कुरारा के ग्राम कुशमरा में फार्मर परियोजना के अंतर्गत कृषक श्री विनोद बाबू के खेत पर फार्मर फील्ड-डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 92 कृषकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में फार्मर परियोजना के एसोसिएट मैनेजर डॉ. आयुष कुमार ने किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी देते हुए एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि के साथ सब्जी उत्पादन, फल उत्पादन, पशुपालन एवं कृषि वानिकी को अपनाकर खेती को अधिक उपयोगी एवं टिकाऊ बनाने के संबंध में जानकारी दी। साथ ही उन्नतशील प्रजातियों का चयन, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, एकीकृत कीट प्रबंधन, फसल चक्र एवं मिश्रित खेती के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. आयुष कुमार ने किसानों को फार्मर कैलकुलेटर (ppgadvisory.org) के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से किसान अपनी फसल से संबंधित आय एवं व्यय का लेखा-जोखा प्राप्त कर सकते हैं, जिससे खेती की लागत एवं संभावित आय का बेहतर आकलन किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान श्री अनिल प्रताप सिंह, प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) द्वारा किसानों की बीज बुकिंग एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं श्री संदीप, ए.टी.एम. द्वारा किसानों को कृषि कार्यों को समय से पूरा करने तथा कृषि गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर श्री खालिद अंसारी, सहायक उद्यान निरीक्षक, पौथिया द्वारा उद्यान विभाग की ओर से फलदार पौधों एवं सब्जियों की उन्नतशील प्रजातियों की जानकारी दी गई। साथ ही उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।