शारदीय नवरात्र और दशहरा पर लखीमपुर में बदलेगा यातायात, 11 से 21 अक्टूबर तक रूट डायवर्जन

दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव, शोभायात्रा मार्ग पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित
रिपोर्टर: रामनिवास गुप्ता
लखीमपुर खीरी।
शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए खीरी यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत लखीमपुर नगर क्षेत्र में 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेगा। दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, दशहरा मेले और रावण दहन के दिन शाम चार बजे से सैधरी बाईपास की ओर से नगर में आने वाले सभी प्रकार के छोटे व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, मेला मैदान बस अड्डे से आने-जाने वाली बसें 11 से 21 अक्टूबर तक सैधरी बाईपास तक ही आएंगी और वहीं से वापस लौटेंगी।
यातायात व्यवस्था के तहत सदर चौराहे से संकटा देवी चौराहे की ओर एकल दिशा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। शोभायात्रा और राम बारात के निर्धारित मार्ग पर ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा महेवागंज की ओर से आने वाले बड़े व्यावसायिक वाहन सैधरी बाईपास होते हुए बरगद चौराहे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। एलआरपी चौराहे की ओर से आने वाले बड़े वाहन बरगद तिराहे से सैधरी बाईपास होते हुए आगे जाएंगे।
आपातकालीन वाहनों को रहेगी छूट
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रतिबंधों से आपातकालीन वाहनों और एम्बुलेंस को मुक्त रखा जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सेवाएं मिल सकें।
खीरी यातायात पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान निर्धारित यातायात नियमों और रूट डायवर्जन का पालन करें, पुलिस का सहयोग करें तथा भीड़भाड़ वाले मार्गों पर अनावश्यक वाहन ले जाने से बचें, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
स्रोत: खीरी पुलिस, प्रेस नोट दिनांक 09 अक्टूबर 2026।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






