नोडल कॉलेज में जिला स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन, 180 छात्र-छात्राओं को मिले रोजगार के अवसर

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा जिला स्तरीय एक दिवसीय रोजगार एवं करियर अवसर मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की पांच प्रमुख कंपनियों ने सहभागिता करते हुए छात्र-छात्राओं के साक्षात्कार लिए, जिनमें कुल 180 विद्यार्थियों का रोजगार के विभिन्न अवसरों के लिए चयन किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, प्रसिद्ध उद्योगपति गुलाब समैया एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ.
इमराना सिद्दीकी मंचासीन रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.
सरोज गुप्ता की अध्यक्षता तथा संयोजक डॉ. प्रतिभा जैन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के उद्घोष के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सेवा, राष्ट्रभक्ति और आत्मनिर्भरता का भाव सदैव चिरस्थायी रहना चाहिए।
युवा अपनी प्रतिभा, क्षमता और सामर्थ्य को पहचानें तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य की मजबूत नींव तैयार करें। उन्होंने प्रेरक पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा, “वह देखो पास खड़ी मंजिल, इंगित कर तुम्हें बुलाती है, और साहस से बढ़ने वालों के माथे पर तिलक लगाती है।” उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इसी भावना के साथ अपने-अपने क्षेत्र में ज्ञान, कौशल और दक्षता हासिल करें तथा देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
विधायक जैन ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, साक्षात्कार का अनुभव प्राप्त करने और अपने करियर की दिशा निर्धारित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि उच्च शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल, रोजगारपरक प्रशिक्षण और करियर के अवसरों से जोड़ना महाविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के माध्यम से आयोजित इस मेले ने विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक योग्यता अर्जित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना भी है।
इस दिशा में रोजगार मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने अपने संबोधन में रोजगार मेले को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की पांच प्रमुख कंपनियों एवं संस्थानों ने सहभागिता की।
इनमें सी टू एम सी सी (C2MC2), इंदौर, पुखराज हेल्थ केयर, टाटा एआईजी, ग्रेनुअल ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर तथा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) शामिल रहे। इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं क्षमताओं के आधार पर रोजगार के विभिन्न अवसरों के लिए चयन किया।
आयोजन के दौरान कुल 180 छात्र-छात्राओं के चयन की जानकारी दी गई। इस पहल से विद्यार्थियों को रोजगार की संभावनाओं से परिचित होने और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिला।
रोजगार मेले में रोजगार के साथ स्वरोजगार एवं पारंपरिक कला को भी प्रोत्साहित किया गया। मेले में लगाया गया माटी कला का लाइव स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
यहां कारीगर ने चाक पर मिट्टी के दीये एवं अन्य कलात्मक वस्तुएं बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। मौके पर निर्मित मिट्टी की वस्तुओं की बिक्री भी की गई।
इस स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को पारंपरिक कला, स्थानीय कौशल और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित होने का अवसर मिला। मेले में रोजगार के साथ उद्यमिता एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।
रोजगार मेले के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश केशरवानी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सीबीआई डीआईजी मोहम्मद सलीम खान उपस्थित रहे। इस अवसर पर शैलेश केशरवानी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “प्रतिभा किसी दया की मोहताज नहीं होती, युवा अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखकर निरंतर आगे बढ़ें।” उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा रोजगार मेले में सहभागिता करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न स्टॉल लगाने वाली संस्थाओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ.
संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित यह रोजगार मेला क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अभिलाषा जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ.
अमर कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर मनीष चौबे, नीरज यादव, नितिन सोनी सहित महाविद्यालय परिवार के डॉ.
विनय कुमार शर्मा, डॉ. संगीता मुखर्जी, डॉ.
शुचिता अग्रवाल समेत समस्त प्राध्यापक, अतिथि विद्वान, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







