मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा वैष्णवी बनीं एक दिन की थाना प्रभारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा वैष्णवी बनीं एक दिन की थाना प्रभारी
सिकरीगंज थाने में संभाली प्रतीकात्मक जिम्मेदारी, सुनी फरियादियों की समस्याएं
सिकरीगंज/गोरखपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को थाना सिकरीगंज परिसर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में यूएस सेंट्रल एकेडमी की कक्षा 12 की छात्रा वैष्णवी को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी ने छात्रा को थाने की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही पुलिस विभाग के रजिस्टर नंबर-4, रजिस्टर नंबर-8, जनसुनवाई और जनरल डायरी (जीडी) सहित थाने से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रक्रिया भी समझाई गई। हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्रा को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।
इनमें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं। इन नंबरों के माध्यम से जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बच्चे सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
छात्रा ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
एक दिवसीय प्रतीकात्मक थाना प्रभारी के रूप में कु. वैष्णवी ने थाने में जनसुनवाई की और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इस अनुभव के माध्यम से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसमस्याओं के निस्तारण और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अवसर मिला। छात्रा ने थाना परिसर में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीम के कार्यों की सराहना की।
इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें कानून के प्रति जागरूक करना तथा महिला सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देना है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा जरूरत के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






