आगर-मालवा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने तीन दुकानों से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना और सुसनेर-नलखेड़ा एसडीएम देव कुंवर सोलंकी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की गई।
*इन दुकानों से लिए नमूने*
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस जामोद ने बताया कि टीम ने बीकानेर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, जैन मिष्ठान भंडार से मावा कतली और राठी उपहार गृह, नलखेड़ा से कलाकंद का नमूना लिया। तीनों नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
*त्योहारों तक जारी रहेगी जांच*
निरीक्षण दल में नायब तहसीलदार राजेश श्रीमाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस जामोद और अमित कुमार शामिल रहे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को दुकानों पर साफ-सफाई रखने और स्वच्छता के मानकों का पालन करते हुए व्यवसाय करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।