विश्व खाद दिवस पर नशा मुक्ति का संदेश 450 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

विश्व खाद्य दिवस पर नशामुक्ति का संदेश, 450 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प ।
नूंह। विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 450 छात्र-छात्राओं तथा 28 शिक्षकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। विद्यालय की प्राचार्या सुनीता यादव की उपस्थिति में यह कार्यक्रम हुआ। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीना, आईपीएस के नेतृत्व में ब्यूरो द्वारा प्रदेशभर में गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। वे पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए साइकिल का उपयोग करते हुए विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक पहुँचते हैं। डॉ. वर्मा ने कहा कि विश्व खाद्य दिवस हमें पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा का महत्व समझाता है। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, योग और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सच्चा धर्म मानवता की सेवा करना, माता-पिता का सम्मान करना और समाज को बुराइयों से मुक्त बनाने में योगदान देना है। प्रत्येक विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करे। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर कार्य किया जा रहा है—प्रवर्तन, जागरूकता और पुनर्वास। प्रवर्तन के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाया जाता है, जागरूकता के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाती है तथा पुनर्वास के माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्तियों को सामान्य जीवन में लौटने में सहायता प्रदान की जाती है। डॉ. वर्मा ने भारत में प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 तथा हरियाणा की हेल्पलाइन 90508-91508 की जानकारी भी दी। उन्होंने काव्य और गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







