तेंदुए के हमले से महिला सहित दो लोगों की मौत, ग्रामीणों ने आदमखोर तेंदुए को पकड़ा

धमतरी / नगरी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से आतंक का पर्याय बने तेंदुए को आखिरकार ग्रामीणों ने पकड़ लिया है। तेंदुए के लगातार हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। इस दौरान तेंदुए के हमले में एक महिला सहित दो लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं, 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रहे हमलों से भयभीत ग्रामीणों ने एकजुट होकर साहस का परिचय दिया और तेंदुए को पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से तेंदुआ लगातार लोगों पर हमला कर रहा था। अचानक हो रहे इन हमलों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल था। तेंदुए के हमले में घायल 42 वर्षीय प्रभुराम की उपचार के दौरान कल मौत हो गई। वहीं, आज एक गर्भवती महिला की भी तेंदुए के हमले में मौत होने की खबर सामने आई है। लगातार दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
तीन दिनों से दहशत में जी रहे थे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि तेंदुए ने तीन दिनों के भीतर 20 से अधिक लोगों को हमला कर घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों के बीच भय का वातावरण निर्मित हो गया था। लोगों को घरों से बाहर निकलने और रोजमर्रा के कामकाज करने में भी खतरा महसूस हो रहा था। तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही थी।
ग्रामीणों ने दिखाया साहस, तेंदुआ पकड़कर वन विभाग को सौंपा
लगातार हो रहे हमलों के बीच ग्रामीणों ने एकजुटता और साहस का परिचय देते हुए तेंदुए को पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन विभाग के हवाले कर दिया गया। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, लगातार हुए हमलों में लोगों की जान जाने से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
घटना ने वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब वन विभाग की जिम्मेदारी है कि पकड़े गए तेंदुए के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करे और प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







