छत्तीसगढ़ जिला सूरजपुर मन जागृति अभियान के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं सहयोगी संस्था सम्मान समारोह आयोजित

सुरजपुर
अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित मन जागृति अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सभाकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं सहयोगी संस्था सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अजय मार्कम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा तथा मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, समय पर उपचार, परामर्श सेवाओं की उपलब्धता एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर अपने – अपने विचार व्यक्त किए।
मन जागृति अभियान के अंतर्गत 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला जेल सूरजपुर,विभिन्न कॉलेज बालक एवं बालिका छात्रावास, वृद्धाश्रम, अरुणोदय कोचिंग संस्थान, संगवारी, मितानिन कार्यक्रम सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें तनाव प्रबंधन, परीक्षा संबंधी चिंता, भावनात्मक संतुलन, आत्मविश्वास तथा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं में समय पर सहायता लेने के बारे में जानकारी दी गई।
सम्मान समारोह में 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला जेल सूरजपुर एवं अरुणोदय कोचिंग संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि जागरूकता सत्रों से प्रतिभागियों को तनाव के कारणों को समझने, मानसिक स्वास्थ्य पर बेझिझक चर्चा करने, भावनाओं को बेहतर ढंग से संभालने तथा जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की जानकारी एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलती है।
मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों एवं उनके परिजनों ने भी अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि नियमित परामर्श, उचित उपचार, स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग तथा परिवार के सकारात्मक व्यवहार से उन्हें अपनी समस्याओं को समझने, भावनात्मक संतुलन बेहतर बनाने और दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायता मिली। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
सहयोगी संस्थाओं को प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मन जागृति अभियान के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं एवं उनके प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभागीय गतिविधियों पर प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी साझा की गई। उपस्थित प्रतिनिधियों से अपने संस्थानों एवं समुदायों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






