रेवाड़ी पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता: गोकलपुर के पास हुए दोहरे हत्याकांड मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार भी

रेवाड़ी (सुरेश सिहाग)पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रेवाड़ी पुलिस ने गोकलपुर के पास हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशीष गांव चिरहाड़ा, धर्मपाल उर्फ सतपाल व सौरव निवासी गांव आसलवास के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में 7 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी दीपिका अग्रवाल, आईपीएस ने बताया कि गत 21 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गोकलपुर के पास तीन युवक घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर गांव मांढ़िया कलां निवासी एक युवक जतिन मृत अवस्था में मिला, जबकि दो अन्य घायल थे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक गांव निगांनियावास निवासी हिमेश की मौत हो गई। तीसरे युवक गांव बुड़ाना निवासी यशपाल को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने थाना सदर रेवाड़ी में मृतक जतिन के पिता देशराज के बयान पर चार गांवों के 9 नामजद सहित कई आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले में संलिप्त 7 आरोपी तरुण उर्फ टीका निवासी गांव बुड़ानी, मंजीत निवासी गांव सिलारपुर जिला खैरथल तिजारा राजस्थान, रितेष निवासी गांव खेडा मुरार, मनीष निवासी गांव कुम्भावास, सुनील उर्फ सन्नी निवासी गांव पातुहेडा, पवित्र व गौरव उर्फ गुल्लू निवासी जड़थल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्रेज़ा गाड़ी व एक अवैध देशी पिस्टल बरामद कर ली थी।
हत्या की वजह (पुरानी रंजिश):
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह दोहरा हत्याकांड पुरानी रंजिश का नतीजा है:
5 अगस्त: गांव बुड़ाना निवासी यशपाल और उसके साथी कांवड़ यात्रा के लिए पिकअप गाड़ी तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बुड़ानी निवासी नीरज के वहां से गुजरते समय यशपाल पक्ष से कहासुनी व गाली-गलौज हो गई।
12 अगस्त: इसी विवाद के चलते यशपाल व उसके साथियों ने बुड़ानी के एक युवक के साथ मारपीट कर उसके पैर तोड़ दिए (जिसका मामला थाना धारूहेड़ा में दर्ज है)।
21 अगस्त: इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।
ताजा गिरफ्तारी:
इस मामले में पुलिस ने अब शनिवार को मामले में संलिप्त तीन और आरोपी आशीष गांव चिरहाड़ा, धर्मपाल उर्फ सतपाल व सौरव निवासी गांव आसलवास को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनो आरोपी आदतन अपराधी है। इनके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







