रावतभाटा में धूमधाम से हुआ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन, नम आंखों से दी विदाई

रिपोर्टर दुर्गालाल बोहरा
नौ दिन तक भजन-कीर्तन के साथ की गई माता रानी की आराधना, सामूहिक आरती के बाद चंबल मैया में विसर्जित की प्रतिमाएं
बेगु / रावतभाटा। शारदीय नवरात्रि 2026 के समापन एवं दशहरे के अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को परमाणु बिजलीघर की आवासीय कॉलोनी में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का श्रद्धा और उल्लास के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी राणा प्रताप सागर बांध पहुंचे, जहां माता रानी की सामूहिक आरती कर नम आंखों से उन्हें विदाई दी गई।
पार्षद मनीष गिरी ने जानकारी देते हुए बताया कि परमाणु बिजलीघर की आवासीय कॉलोनी के वार्ड नंबर 25 में पार्षद राजू चौधरी एवं महिला मंडल, वार्ड नंबर 26 में अणु प्रताप कॉलोनी महिला मंडल तथा वार्ड नंबर 27 और 28 में टाइप-2/20 की महिलाओं द्वारा नौ दिनों तक माता रानी की चौकी स्थापित की गई थी। इस दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना की।
नवरात्रि के नौ दिनों तक कॉलोनी में धार्मिक वातावरण बना रहा। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना की तथा परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के समापन पर दशहरे के दिन विभिन्न पंडालों में विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विधि-विधान से विसर्जन के लिए ले जाया गया।
दोपहर 12:50 बजे के बाद विसर्जन की प्रक्रिया के दौरान राणा प्रताप सागर बांध पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सभी ने माता रानी की सामूहिक आरती कर उनसे सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद चंबल मैया में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। माता रानी को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 25 के पार्षद राजू चौधरी एवं वार्ड नंबर 28 के पार्षद मनीष गिरी ने सभी कॉलोनीवासियों और नगरवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को श्रद्धा, उल्लास और आपसी सद्भाव के साथ मनाने का संदेश दिया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






