सिंगरौली : कलेक्टर ने की राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा.स्वामित्व योजना, लंबित राजस्व प्रकरणों एवं जनगणना-2027 की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश।

सिंगरौली : कलेक्टर ने की राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा.स्वामित्व योजना, लंबित राजस्व प्रकरणों एवं जनगणना-2027 की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश।
सिंगरौली : कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वामित्व योजना, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों, सीमांकन प्रकरणों, कानून-व्यवस्था एवं जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा की गई ।कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वे के आधार पर रजिस्ट्री की कार्यवाही पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तहसीलदारों को अपने क्षेत्र के पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने को कहा। कलेक्टर ने बताया कि वे स्वयं भी शीघ्र क्षेत्र भ्रमण कर योजना के क्रियान्वयन एवं पटवारियों के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के कार्यों में लापरवाही न हो तथा पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ समय पर मिले।
राजस्व विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रबी फसलों की बोनी से पहले सीमांकन के लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को कृषि कार्यों में परेशानी न हो और भूमि संबंधी विवादों की स्थिति से बचा जा सके। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बना रहे। बैठक में जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आवश्यकता के अनुसार प्रगणकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण हो सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पीएम त्रिपाठी, संयुक्त अमित बम्हारौलिया, उपखण्ड देवसर सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, सिंगरौली सुरेश जाधव, चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, माड़ा नंदन तिवारी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ मिश्रा, धर्मप्रकाश मिश्रा सहित राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







