*आगर-मालवा।* कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के विभिन्न प्रोजेक्ट निर्माण के लिए भू-अर्जन प्रकरणों के निराकरण एवं मुआवजा वितरण कार्य की प्रगति की प्रोजेक्टवार विस्तार से समीक्षा की।
जल संसाधन कार्यपालन यंत्री ने बताया कि आहू डेम के डूब प्रभावितों को चार गुना के मान से मुआवजा वितरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। प्रभावितों द्वारा रजिस्ट्री करवाने का कार्य भी शुरू हो गया है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आहू डेम के डूब प्रभावितों को मुआवजा राशि वितरण के लिए गांव में ही शिविर लगाकर अविलंब राशि का वितरण किया जाए।
कलेक्टर ने सियाखेड़ी प्रोजेक्ट के फील्ड सर्वे का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कर मुआवजा प्रकरण तैयार करने और वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आमला-नलखेड़ा फोरलेन सड़क के तहत भू-अर्जन की कार्रवाई तेजी से पूरी करने को कहा, ताकि प्रोजेक्ट का कार्य समय पर पूरा हो सके और लागत न बढ़े।
*मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश*
बैठक में कलेक्टर ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी जिलाधिकारी बिना लिखित स्वीकृति के अपना मुख्यालय न छोड़े। बैठक में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री एवं जिला कोषालय अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनविश्वास शिविर में प्राप्त सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की भी विभागवार समीक्षा की और निर्देश दिए कि ग्रेडिंग माह की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का इसी सप्ताह गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर 'ए' ग्रेड हासिल करने का प्रयास करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर मिलिन्द ढोके, डिप्टी कलेक्टर पीएन परमार सहित सभी डिप्टी कलेक्टर एवं जिलाधिकारी उपस्थित थे।