51वें श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद का भव्य आगाज, दीपावली पर मंचित हुई ‘जहरीली नागिन उर्फ लक्ष्मण रेखा’

सेवानिवृत्त जिला जज राजन चौधरी ने फीता काटकर किया शुभारंभ, कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को बांधे रखा; 51 वर्षों की सांस्कृतिक परंपरा बनी क्षेत्र की पहचान
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_दीपावली पर्व के पावन अवसर पर दुद्धी विकासखंड के महुली पूर्व महुअरिया में 51वें श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद के भव्य नाट्य मंचन का सोमवार, 2 नवंबर की रात्रि 9 बजे शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त जिला जज राजन चौधरी ने फीता काटकर किया। इस दौरान पूरा नाट्य परिसर दर्शकों की भारी उपस्थिति से गुलजार रहा और पारंपरिक लोकनाट्य कला की अनूठी छटा देखने को मिली।
उद्घाटन समारोह में समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल सहित समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।
मुख्य अतिथि राजन चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से नाट्यकला का आयोजन समाज को जागरूक करने की दिशा में सराहनीय पहल है। नाट्यकला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को शिक्षा, संस्कार, नैतिकता और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। कलाकार अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, अन्याय और बुराइयों पर प्रहार करते हुए लोगों को सही दिशा में चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत एवं लोककलाओं को जीवित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। 51 वर्षों से इस परंपरा का निरंतर निर्वहन करना समिति और क्षेत्रवासियों के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के उपाध्यक्ष सेकरार अहमद ने किया। उद्घाटन के उपरांत प्रथम दिवस पर बहुप्रतीक्षित नाटक ‘जहरीली नागिन उर्फ लक्ष्मण रेखा’ का मंचन किया गया। नाटक की कहानी में पारिवारिक रिश्तों, प्रेम, विश्वास, छल-कपट, संघर्ष और मानवीय संवेदनाओं को नाटकीय अंदाज में प्रस्तुत किया गया। कथानक के विभिन्न घटनाक्रमों में रहस्य, रोमांच और भावनात्मक उतार-चढ़ाव देखने को मिले। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली संवादों, जीवंत अभिनय और मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। नाटक के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि जीवन में विश्वास के साथ विवेक और सतर्कता भी आवश्यक है।
नाटक के पात्रों एवं कलाकारों का परिचय : प्रथम दिवस के नाटक में नसर (नायक) की भूमिका कलामुद्दीन, सुरमोला (नायिका) की भूमिका लालमणि शर्मा तथा अमर (नायक) की भूमिका अवधेश कुमार शर्मा ने निभाई। वहीं थापा की भूमिका समशाद आलम, विकास की भूमिका डॉ. कलाम, शुकुलला की भूमिका विक्की कुमार शर्मा, रचना की भूमिका जोगेंद्र सिंह तथा वीरबहादुर की भूमिका रमेश शर्मा ने निभाई। इसके अतिरिक्त इंस्पेक्टर 2 की भूमिका उदय कुमार शर्मा, वकील की भूमिका राजेश कुमार शर्मा, सरकारी वकील की भूमिका महेंद्र प्रसाद पूरी, जज की भूमिका जसवंत कुमार शर्मा, हवलदार की भूमिका विकास कुमार शर्मा तथा पठान की भूमिका राजू शर्मा ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों के अनुरूप अभिनय कर मंचन को प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल ग्राम प्रधान महुली, मनोज कुमार भारती, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, विनोद कन्नौजिया, डॉ. अब्दुल कलाम, अवधेश कुमार शर्मा पूर्व डायरेक्टर, राजेश शर्मा डायरेक्टर, जसवंत शर्मा, चन्द्र प्रकाश प्रजापति, विनय कुमार कन्नौजिया, अनंत सिंह, महेंद्र पुरी, दीपक कुमार कन्नौजिया सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय दर्शक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
51 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह सांस्कृतिक मंचन महुली क्षेत्र की गौरवशाली लोकनाट्य परंपरा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का अनुपम उदाहरण बना हुआ है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







