आगर-मालवा, 4 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को जिला जेल आगर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर की पहल पर किया गया। जेल निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक हीरालाल परमार ने बंदियों को उपचार में आ रही समस्याओं से अवगत कराया था। इस पर सचिव गुर्जर ने जिला चिकित्सालय से समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करवाया।
शिविर में चिकित्सकों ने बंदियों की आंखों, त्वचा सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की और आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया। इस दौरान सचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि जेल में निरुद्ध प्रत्येक बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की देखरेख में है। बंदियों को होने वाली असुविधाओं और समस्याओं का संज्ञान लेकर उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा प्ली बार्गेनिंग जैसे महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। शिविर का उद्देश्य बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक हीरालाल परमार, जेल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ तथा जिला चिकित्सालय की चिकित्सकीय टीम उपस्थित रही।