**आगर-मालवा, 06 नवंबर।** जिले के छात्रावासों में विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के आयुक्त डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने शुक्रवार को आगर, मालीखेड़ी और नलखेड़ा में संचालित विभागीय छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कमियों को दूर करने और विद्यार्थियों की सुविधाओं में विस्तार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आयुक्त ने आगर स्थित शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, सीनियर बालिका प्री-मैट्रिक छात्रावास, महाविद्यालय बालिका छात्रावास तथा मालीखेड़ी एवं नलखेड़ा के शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावासों में स्वीकृत सीटों, विद्यार्थियों की संख्या, भवन की स्थिति, मॉड्यूलर किचन, डाइनिंग हॉल, पेयजल व्यवस्था और बेड, पलंग, रैक एवं बिस्तरों की उपलब्धता की जानकारी ली।
**मालीखेड़ी में पेयजल समस्या दूर करने के निर्देश**
मालीखेड़ी छात्रावास में पेयजल की समस्या सामने आने पर आयुक्त ने अधिकारियों को नवीन नलकूप खनन के लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में गद्दे, पलंग एवं अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था के लिए सामग्री मद में दो लाख रुपए का प्रस्ताव भेजने को कहा। इसके लिए जिला संयोजक को मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। वहीं छात्रावास में आवश्यक लघु निर्माण कार्यों के लिए तत्काल 50 हजार रुपए की राशि स्वीकृत करने की बात कही।
**बालिका छात्रावास में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर**
आगर स्थित पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग बालिका छात्रावास में आयुक्त ने इन्वर्टर-बैटरी, वॉशिंग मशीन, वाटर कूलर एवं आरओ स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉड्यूलर किचन और डाइनिंग हॉल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्रावासों में मॉड्यूलर किचन संचालित पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की।
आयुक्त डॉ. सिंह ने संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं, स्वच्छता और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, जिला संयोजक शेखर उईके सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।