थाना माडल टाउन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पटाखों के भंडारण व बिक्री करने वाले एक आरोपी को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में पटाखे बरामद।

रेवाड़ी (सुरेश सिहाग )माननीय सर्वोच्च न्यायालय व सरकार के आदेशों की अनुपालना में अवैध पटाखों की बिक्री व भंडारण की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस द्वारा जिला रेवाड़ी में विशेष निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना माडल टाउन पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मोहल्ला शक्ति नगर में एक दुकान पर छापेमारी कर एक आरोपी को भारी मात्रा में पटाखों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विकास निवासी मोहल्ला शक्ति नगर रेवाड़ी के रूप में हुई है।
मामले का विवरण:
जांचकर्ता ने बताया कि गत 6 नवम्बर को थाना माडल टाउन पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि शक्ति नगर रेवाड़ी निवासी विकास अपने घर में बनी दुकान के अंदर बिना किसी वैध लाइसेंस अथवा परमिट के भारी मात्रा में पटाखे व फुलझड़ियां रखकर बेच रहा है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए एक विशेष रेडिंग पार्टी का गठन किया और बताए गए स्थान (दुकान) पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर खुले में रखे पटाखों और फुलझड़ियों का जखीरा बरामद हुआ।
पूछताछ व बरामदगी:
दुकान में मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान विकास यादव निवासी मोहल्ला शक्ति नगर रेवाड़ी के रूप में बताई। पुलिस टीम द्वारा आतिशबाजी भंडारण व बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस व परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया, जिस पर आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद कट्टों और गत्ते की पेटियों की सघन जांच कर सभी पटाखों व फुलझड़ियों को कब्जे में लिया। जिसका विवरण इस प्रकार है: मिनी बुलेट 95 पैकेट, स्काई शॉट 40 पैकेट, सिल्वर टॉर्च 51 पैकेट, छोटा चकर 40 पैकेट, रेड स्पार्कल 88 पैकेट, ओलंपिक टॉर्च 56 पैकेट,स्मॉल स्पार्कल्स 220 पैकेट।
कानूनी कार्रवाई
थाना माडल टाउन पुलिस ने मौके से बरामद सभी पटाखों को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी विकास के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने आमजन व व्यापारियों से अपील की है कि वे माननीय सर्वोच्च न्यायालय व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण सम्मान करें। बिना अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत पटाखों का भंडारण, परिवहन व बिक्री करना कानूनन जुर्म है। अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण जन सुरक्षा के लिए अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस का यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







